मुंबई। अवैध हथियार रखने के जुर्म में पांच साल की सजा पा चुके बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त को सजा माफी दिए जाने के पक्ष में पूरे देश में बहस चल रही है। संजय की सजा माफी की पैरवी करने वाले लोगों की लिस्ट काफी लंबी हो चुकी है। जस्टिस काटजू से लेकर दिग्विजय सिंह तक संजय के पक्ष में उतर आए हैं। हालांकि, पुलिस का मानना है कि संजय को उनके जूर्म की बहुत कम सजा मिली है।
माफी की मांग करने वालों की दलील है कि संजय दत्त आतंकवादी नहीं हैं, उन्होंने जो किया वह भावनाओं में बह कर की गई गलती थी। लेकिन यह बात कोर्ट में कही जा चुकी है कि 1993 के मुंबई बम धमाके के बाद भी वह अंडरवर्ल्ड के संपर्क में रहे थे। यह दावा खुद मुंबई पुलिस कर चुकी है। (पढ़ें, संजय दत्त और छोटा शकील की पूरी बातचीत)
14 नवंबर 2000 को मुंबई पुलिस ने अंडर वर्ल्ड डॉन छोटा शकील के साथ चार फिल्मी हस्तियों की बातचीत रिकॉर्ड की थी। उन चार फिल्मी हस्तियों में संजय दत्त छोटा शकील से बातचीत करते हुए पाए गए थे।
मुंबई पुलिस ने साल 2000 में 27 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच 32 बार फिल्म प्रड्यूसर भरत शाह और छोटा शकील के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग की थी। पुलिस उस वक्त भरत शाह के दाऊद से रिश्ते की पड़ताल कर रही थी।
14 नंवबर को मुंबई पुलिस ने एक कॉल रिकॉर्ड किया, जिसमें संजय दत्त शकील से बात कर रहे थे। इसमें वह शकील से कह रहे थे कि उन्होंने उसके लिए एक टी-शर्ट खरीदी है। एक और रिकॉर्डिंग में संजय दत्त छोटा शकील से किसी चीज को लेकर दाऊद इब्राहिम से चर्चा करने की बात करते हैं। ऐसा कहने पर शकील ने उन्हें फोन पर इसके बारे में बात करने से बचने के लिए कहा था।
संजय दत्त गोविंदा और फिल्म प्रोड्यूसर शकील नूरानी की भी शिकायत दाऊद से कर चुके हैं। खुद नूरानी ने संजय दत्त पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अंडरवर्ल्ड से उनको धमकी दिलाई थी।
दूसरी ओर, संजय दत्त ने अपने इकबालिया बयान में कहा है कि वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से सिर्फ एक बार मुंबई ब्लास्ट से पहले 'यलगार' फिल्म की शूटिंग के दौरान दुबई में मिले थे।

No comments:
Post a Comment